Saturday, May 18, 2019

महादेव दिलाएंगे महाविजय!



सुरभि भावसार 

लोकसभा चुनाव के प्रचार का शोर थम गया है। चुनाव में ताबड़तोड़ प्रचार के बाद और चुनाव नतीजों से पहले प्रधानमंत्री मोदी उत्तराखंड के बर्फीले पहाड़ों के बीच एकांत में चुनावी शोर से दूर महादेव की शरण में पहुंचे और भोलेनाथ से जीत की मंगल कामना की। यहां मोदी पूरी तरह से भोले की भक्ति में डूबे नजर आए, जहां उनका प्रधानसेवक के अलावा शिवसाधक का रुप भी देखने को मिला।



वहीं केदारनाथ पहुंचकर मोदी ने करीब आधे घंटे तक शिव साधना की। पूजा-अर्चना करने के बाद मंदिर की परिक्रमा की और वहां के विकास कार्यों का जायजा भी लिया।

read more: बंगाल की जंग, ममता फिर बनी नं 1!



स्लेटी रंग का चोगा, पहाड़ी टोपी और कमर में केसरिया गमछा आज चर्चा का विषय बन गया। आज जब इस अंदाज में मोदी वहां पहुंचे तो सबकी नज़रे उनके इस नए रुप पर टिक गई। इतना ही नहीं 11755 फीट की ऊंचाई पर स्थित बाबा केदार के दर पर मोदी हेलीपैड से पैदल चलकर मंदिर पहुंचे।



मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद ध्यान साधना के लिए मोदी करीब दो किलोमीटर की ट्रैकिंग कर पहुंचे। भगवा चोला ओढ़े मोदी गुफा में ध्यान साधना में मग्न है। मोदी की यह ध्यान साधना रविवार तक चलेगी।

read more: दीदी के बंगाल से गायब हुई 'ममता'



इससे पहले काशीपुत्र की यह भक्ति उन्ही के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में देखने को मिली थी। नामांकन भरने के एक दिन पहले मोदी रोड शो करने के बाद गंगा आरती में शामिल हुए थे। इस दौरान मोदी मां गंगा की भक्ति में डूबे हुए थे और मंत्रमुग्ध नजर आए।



एक और जीत का आशीर्वाद मांगने मोदी केदारनाथ पहुंचे तो दूसरी ओर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह भी सोमनाथ के दर पर पहुंचे और अपनी पार्टी के लिए भगवान शिव से विजयी वरदान मांगा। मां गंगा की भक्ति और महादेव की अराधना मोदी को कितनी बड़ी जीत दिलाती है ये तो 23 मई को ही साफ़ हो पाएगा।




No comments:

Post a Comment