सुरभि भावसार
पूरा हिंदुस्तान एक बार फिर भगवामय हो गया है। 2019 लोकसभा चुनाव में भाजपा की महाविजय का श्रेय केवल महानायक मोदी और भाजपा के चाणक्य कहे जाने वाले अमित शाह को जाता है। 2019 में चली मोदी की सुनामी के सामने विपक्ष तिनके की तरह बिखर गया और यूपीए केवल 95 सीटों पर ही सिमट गई।
भाजपा को मिले इस जनादेश के बाद एक बार फिर माहौल मोदीमय हो गया है और हर तरफ मोदी-मोदी के नारे लग रहे है। चुनाव में भाजपा ने अपने 'अबकी बार 300 पार' के नारे को सच कर दिखाया है।
जीत के बाद जब मोदी भाजपा मुख्यालय पहुंचे तो भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ इंद्र देव भी स्वागत के लिए पहुंच गए। बारिश की बूंदों के बीच मोदी वहां कार्यकर्ताओं से मिले। मोदी ने यह प्रचंड जनादेश देश की जनता को समर्पित कर उन्हें धन्यवाद भी दिया और कहा कि मेरे समय का पल-पल, मेरे शारीर का कण-कण देश के लिए समर्पित है।
मोदी की इस जीत के चर्चे केवल देश की मीडिया में ही नहीं हो रहे बल्कि विदेशी मीडिया में भी मोदी छा गए है। अमेरिका हो, चीन हो या फिर पाकिस्तान हर देश की मीडिया ने मोदी की जीत को सराहा है। इतना ही नहीं विदेशी नेताओं ने फोन कर मोदी को जीत की बधाई भी दी है।
वाराणसी से चार लाख से ज्यादा वोटों से जीतने के बाद मोदी ने ट्वीट कर काशीवासियों को धन्यवाद दिया। उन्होंने लिखा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने जो कठिन परिश्रम किया है, इसके लिए उन सबका आभार। लोकसभा में एक बार फिर काशी का प्रतिनिधित्व करने को लेकर मैं बहुत उत्साहित हूं। काशी के विकास के लिए हम सब मिलकर काम करेंगे।
नतीजों के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है। जीत की ख़ुशी में कहीं मिठाई बांटी जा रही है तो कहीं आतिशबाजी हो रही है। भाजपा कार्यालयों के बाहर कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लग गया है और हर कोई मोदी को जीत की बधाई दे रहा है। ऐसे में यह कहना गलत नहीं होगा 'महाविजय+महानायक+महोत्सव=मोदी'।

No comments:
Post a Comment