Monday, May 27, 2019

हार को अवसर में बदलेगी कांग्रेस?



सुरभि भावसार

2019 के लोकसभा चुनाव में जहां बीजेपी प्रचंड बहुमत के साथ एक बार फिर सत्ता में लौट रही है। वहीं कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा है। अब पार्टी इस हार को एक बड़े अवसर के रूप में लेकर आगे बढ़ना चाहती है। खबर है कि कांग्रेस पार्टी बड़े फेरबदल की तैयारी में है, जिसके जरिए पार्टी लोगों के बीच यह संदेश देना चाहती है कि पुरानी पार्टी भी समय-समय पर बड़े बदलाव कर सकती है।

 हाल ही में पार्टी प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा था कि पार्टी ने इस हार की सामूहिक जिम्मेदारी ली है। अब आगे क्या किया जा सकता है और पार्टी के सामने क्या चुनौतियां होगी इस पर पार्टी मंथन कर रही है। इतना ही नहीं उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यसमिति एक ऐसा लोकतांत्रिक मंच है जहां विचार लिए और दिए जाते हैं, नीतियां बनाई जाती है और सुधार के लिए कार्रवाई की जाती है।

पार्टी चुनाव में मिली हार को एक बड़े अवसर के रूप में देख रही हैं ताकि पार्टी के संगठन स्तर पर बड़े बदलाव किए जा सके। इसके लिए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को पार्टी ने अधिकृत किया है। राजनीतिक गलियारों से जो खबर आई है उसमें यह भी कहा जा रहा है कि पार्टी के इस फेरबदल में बहुत से महासचिवों और राज्य इकाई प्रमुख पर गाज गिर सकती है।

must read: कांग्रेस का सियासी संकट

वहीं पार्टी की हार के बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने इस्तीफे की पेशकश भी की थी जिसे नामंजूर कर दिया गया। साथ ही  राहुल गांधी ने कांग्रेस वर्किंग कमिटी की बैठक में  कुछ नेताओं द्वारा उनके बेटों को चुनाव मैदान में उतारे जाने को लेकर नाराजगी जाहिर की थी और कहा था कि कुछ वरिष्ठ नेताओं ने अपने बेटों के हितों को पार्टी के हितों से आगे रखा।

वैसे देखा जाए तो कांग्रेस की करारी हार के बाद पार्टी की महासचिव बनाई गई प्रियंका गांधी का पद भी खतरे में पड़ सकता है क्योकि प्रियंका को पूर्वी उत्तर प्रदेश का प्रभार दिया गया था, जहां कांग्रेस केवल एक ही सीट जीत पाई है। अब देखना तो यह होगा कि कांग्रेस इस हार को बड़े अवसर के रूप में लेकर पार्टी में कोई फेरबदल करती है या नहीं। पार्टी के लिए फेरबदल करना जरूरी भी है जिससे लोगों में कुछ अलग संदेश जा सके। 

must read: मां तो आखिर मां होती है

1 comment: